अबू धाबी से कोच्चि आ रही इंडिगो की फ्लाइट में एक यात्री पर हमला करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विट्टिला निवासी रोशन मार्टिन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7 बजे फ्लाइट संख्या 6E1404 में उसने त्रिशूर निवासी सहयात्री यूसुफ पर हमला किया।

आरोप है कि मार्टिन ने यूसुफ के चेहरे पर मुक्का मारा, जिससे उनका चश्मा टूट गया और दाईं आंख के पास चोट आई। एफआईआर के मुताबिक, घटना के समय आरोपी सीट 30डी पर और यूसुफ सीट 31बी पर बैठे थे। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने बेल्ट से यूसुफ का गला कसने की कोशिश की।

नेडुम्बसेरी पुलिस ने शिकायत के आधार पर मार्टिन को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, धारा 115(2) जानबूझकर चोट पहुंचाने से जुड़ी है, जबकि धारा 118(1) खतरनाक हथियार या साधन का इस्तेमाल करके जानबूझकर चोट पहुंचाने या गंभीर चोट पहुंचाने से संबंधित है।

पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता का बयान जल्द दर्ज किया जाएगा और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।