शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने प्रस्तावित परिसीमन को लेकर केंद्र पर सवाल उठाए हैं। अपने ब्लॉग में उन्होंने कहा कि लोकसभा सीटें बढ़ने से महाराष्ट्र जैसे राज्य राजनीतिक रूप से कमजोर पड़ सकते हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश के साथ महाराष्ट्र और तमिलनाडु की सीटों की तुलना करते हुए दावा किया कि समान प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद भी मौजूदा अंतर और बढ़ जाएगा।

ठाकरे ने लिखा कि संसद की कुल सीटें फिलहाल 543 हैं और इन्हें करीब 850 करने का प्रस्ताव सामने आया है। केंद्र सरकार का तर्क है कि इससे लोगों का प्रतिनिधित्व बेहतर होगा, लेकिन ठाकरे का कहना है कि सिर्फ संख्या बढ़ाने से न प्रतिनिधित्व सुधरता है और न संसद का कामकाज। उन्होंने कहा कि फिलहाल भी संसद की बैठकें कम होती हैं और सांसदों को बोलने का मौका कम मिलता है।

उन्होंने तर्क दिया कि प्रतिनिधित्व तय करने में सिर्फ आबादी को आधार नहीं बनाया जाना चाहिए। आर्थिक योगदान, रोजगार सृजन, विकास दर और कर संग्रह जैसे मापदंडों पर भी विचार होना चाहिए। उनका कहना है कि जिन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में सफलता पाई है, उन्हें राजनीतिक रूप से नुकसान नहीं होना चाहिए।

ठाकरे ने बड़े संसद के बजाय सत्ता के विकेंद्रीकरण और मजबूत संघवाद की बात की। उन्होंने सुझाव दिया कि सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास कोष को मौजूदा 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये किया जाए। साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़ने पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के नाम पर चुनावी सीमाओं में बड़े बदलाव नहीं किए जाने चाहिए।