बेतिया (पश्चिम चंपारण) के बगहा-दो प्रखंड में आठ आंगनबाड़ी सेविकाओं का चयन रद होने की कगार पर पहुंच गया है। सीडीपीओ संगीता कुमारी ने इनके नियोजन को रद करने का प्रस्ताव आइसीडीसीएस की डीपीओ कविता रानी को भेजा है। सीडीपीओ के प्रतिवेदन के अनुसार, सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद कार्यालयी अभिलेखों तथा पूर्व के विभागीय और न्यायिक आदेशों की समीक्षा की गई। जांच में पाया गया कि सभी आठ सेविकाओं ने शैक्षणिक योग्यता के रूप में प्रयाग महिला विद्यापीठ की 'विद्या विनोदिनी' के प्रमाण-पत्र या अंक-पत्र प्रस्तुत किए थे और इसी योग्यता के आधार पर उनका चयन हुआ था।

प्रतिवेदन में कहा गया है कि राज्य सरकार की निर्धारित समय-सीमा और पूर्व के आदेशों के अनुसार इनकी चयनमुक्ति की स्थिति बनती है। सीडीपीओ के अनुसार, प्रयाग महिला विद्यापीठ की 'विद्या विनोदिनी' योग्यता को मैट्रिक (10वीं) के समकक्ष मान्यता केवल 31 दिसंबर 1987 तक थी। इसके बाद प्राप्त योग्यता की समकक्षता को लेकर विभागीय निर्देशों के अनुसार स्थिति स्पष्ट है।

कार्यालयी पत्र में इस संबंध में पुराने आदेशों और शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव के पत्रों का हवाला भी दिया गया है। प्रतिवेदन में पटना उच्च न्यायालय के सीडब्लूजेसी संख्या 5970/2010 का संदर्भ दिया गया है। पत्र के अनुसार, इसी वाद से जुड़े संदर्भ में पहले भी इस परियोजना की एक सेविका के विरुद्ध संबंधित योग्यता के आधार पर चयनमुक्ति की कार्रवाई की गई थी।

इन्हीं तथ्यों और आदेशों के आधार पर आठ सेविकाओं के चयनमुक्ति की अनुशंसा आगे की कार्रवाई के लिए भेजी गई है।