आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बढ़े हुए मानदेय के लिए अब ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने पुष्टि की है कि लगभग आठ माह से लंबित बढ़ी हुई मानदेय राशि इसी महीने जारी कर दी जाएगी। इससे कार्यकर्ताओं की निराशा दूर होने की उम्मीद है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में अहम भूमिका निभाती हैं। बच्चों की देखभाल, पोषण संबंधी गतिविधियों और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों के संचालन के साथ चुनाव के दौरान भी इनकी सेवाएं ली जाती हैं। इसके बावजूद इन्हें लंबे समय से बढ़े हुए मानदेय का इंतजार करना पड़ रहा था।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रदेश सरकार ने पिछले वित्तीय बजट में उनके मानदेय में वृद्धि का निर्णय लिया था, लेकिन करीब आठ माह बीतने के बाद भी बढ़ी हुई राशि नहीं मिल पाई। इससे कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं में निराशा थी और उन्होंने प्रशासन से जल्द भुगतान की मांग उठाई थी।

रेखा, सरोज, रानी, अवतार कौर, दलजीत और रेणु ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं सीमित मानदेय में विभाग की जिम्मेदारियां निभा रही हैं, इसलिए सरकार द्वारा घोषित बढ़े हुए मानदेय का समय पर भुगतान किया जाना चाहिए।