आजमगढ़ में उद्यान विभाग की ओर से मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना वर्ष 2026-27 के तहत ‘बागवानी में मशीनीकरण' कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत किसानों को विभिन्न कृषि यंत्रों की खरीद पर लागत का 50 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है।
जिला उद्यान अधिकारी (डीएचओ) एसपी वर्मा के अनुसार, वर्तमान में अवशेष भौतिक लक्ष्यों के अनुसार सामान्य किसानों के लिए चार व्हील ड्राइव ट्रैक्टर के दो, पावर नैपसेक स्प्रेयर (12 से 16 लीटर) के दो, ट्रैक्टर आपरेटेड स्प्रेयर का एक तथा इको फ्रेंडली लाइट ट्रैप के तीन लक्ष्य उपलब्ध हैं। अनुसूचित जाति के किसानों के लिए दो व्हील ड्राइव ट्रैक्टर का एक, चार व्हील ड्राइव ट्रैक्टर के दो, पावर टिलर (आठ बीएचपी से अधिक) का एक, पावर नैपसेक स्प्रेयर का एक तथा इको फ्रेंडली लाइट ट्रैप का एक लक्ष्य अवशेष है। इसी तरह अनुसूचित जाति/जनजाति औद्यानिक विकास योजना (राज्य सेक्टर) वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आठ बीएचपी तक के पावर टिलर पर एक अनुसूचित जाति श्रेणी के किसान को लाभ दिया जा सकता है।
लाभ लेने के इच्छुक किसान उद्यान विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का लाभ ‘प्रथम आवक-प्रथम पावक' के सिद्धांत पर दिया जाएगा। विभाग ने किसानों से उपलब्ध लक्ष्यों के सापेक्ष शीघ्र आवेदन करने की अपील की है। ऑनलाइन आवेदन के साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खतौनी, फार्मर रजिस्ट्री, जाति प्रमाण-पत्र एवं दो फोटो की हार्डकॉपी कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, आजमगढ़ में जमा करनी होगी।
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान ब्लाक स्तरीय उद्यान कर्मियों एवं डीएचओ के मोबाइल नंबर 9151066855 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ब्लाक स्तरीय उद्यान कर्मी हारिका प्रसाद (8953581602), राजकुमार गौतम (9161924354) एवं चंद्रभान राम (9305819002) से भी जानकारी ली जा सकती है। किसान किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
