महाराष्ट्र में बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। राज्य में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान पांच या इससे अधिक ट्रैफिक उल्लंघन करने वाले चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस संबंधित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। RTO हर साल की शुरुआत में ऐसे चालकों की सूची अपडेट करेंगे। इस व्यवस्था में कैलेंडर वर्ष को आधार बनाया गया है, यानी पिछले साल के उल्लंघन अगले साल की गिनती में शामिल नहीं होंगे। परिवहन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, कार्रवाई के लिए केवल उन्हीं चालानों की गिनती होगी जिनमें चालक का नाम और ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज होगा। ऐसे ऑटोमेटेड चालान, जिनमें वाहन की जानकारी तो है लेकिन चालक की पहचान दर्ज नहीं है, किसी व्यक्ति के खिलाफ उल्लंघनों की संख्या में शामिल नहीं किए जाएंगे।

कार्रवाई सिर्फ नियम तोड़ने वाले चालकों तक सीमित नहीं रहेगी। लंबे समय से बकाया ई-चालान वाले वाहनों को भी ब्लैकलिस्ट किया जा सकता है। ऐसा होने पर वाहन मालिकों को RC रिन्यू कराने, एड्रेस बदलवाने, वाहन का मालिकाना हक ट्रांसफर कराने और फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कराने जैसी सेवाएं नहीं मिलेंगी। इन सुविधाओं के लिए पहले सभी बकाया चालानों का भुगतान करना होगा।

रिपोर्ट के अनुसार, जिन वाहनों पर ई-चालान का भुगतान लंबित है, उन्हें नया पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (PUC) सर्टिफिकेट जारी करने से भी रोका जा सकता है। इस तरह बकाया चालानों के कारण वाहन मालिकों को जरूरी परिवहन सेवाओं में परेशानी हो सकती है। ऐसे में महाराष्ट्र के वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक नियमों का पालन करना और अपने चालानों की स्थिति जांचकर समय पर भुगतान करना पहले से ज्यादा जरूरी हो गया है।