आगरा में संयुक्त किसान मोर्चा के किसानों ने कमिश्नरी में प्रवेश न मिलने पर माल रोड पर धरना शुरू कर दिया है। किसानों ने 72 घंटे के अनशन का ऐलान करते हुए चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन अनिश्चितकालीन किया जा सकता है। किसान दिल्ली बॉर्डर के किसान आंदोलन की वर्षगांठ मनाने और अपनी मांगों का ज्ञापन देने के लिए कमिश्नरी पहुंचे थे।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया के मुताबिक कार्यक्रम के तहत गुरुवार रात कमिश्नरी पर रात्रि प्रवास और शुक्रवार को ज्ञापन देने की योजना थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया, लेकिन किसान अपने कार्यक्रम पर अड़े रहे। शुक्रवार शाम करीब पांच बजे किसान अलग-अलग रास्तों से कमिश्नरी के गेट पर पहुंचे, जहां पहले से पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। स्थिति बिगड़ने की आशंका पर कमिश्नरी के गेट पर ताला लगा दिया गया।
इससे नाराज किसानों ने माल रोड की एक लेन पर धरना शुरू कर दिया और सड़क पर ही लंगर चला दिया। किसानों ने कहा कि जब तक कमिश्नरी में प्रवेश नहीं मिलेगा और ज्ञापन नहीं लिया जाएगा, तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने कहा कि किसानों को अपनी बात रखने का अधिकार भी नहीं दिया जा रहा है और प्रशासन का यह रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 72 घंटे तक अनशन चलेगा और जरूरत पड़ी तो इसे अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा को मौके पर भेजा है और जरूरत पड़ने पर खुद आंदोलन में पहुंचने का आश्वासन दिया है। प्रदेश अध्यक्ष पंडित राजपाल शर्मा का कहना है कि प्रशासन टकराव चाहता है, जबकि किसान वर्षगांठ मनाने पहुंचे थे और उन्हें धरने के लिए मजबूर किया गया। मंडल अध्यक्ष मालती यादव ने कहा कि प्रशासन मनमानी कर रहा है और मंडल भर के किसान बोरिया-बिस्तर लेकर सड़क पर ही रात में भी डटे रहे। इधर, माल रोड की एक लेन पर धरने से यातायात प्रभावित हो रहा है और प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था व यातायात सुचारु रखने की चुनौती है।
