चेन्नई के चिंताद्रिपेट इलाके में रहने वाले सुधर्शन साह और उनकी पत्नी विद्या पिछले करीब 15 वर्षों से हर रोज सुबह और शाम हजारों हरे तोतों को भोजन करा रहे हैं। उनके घर की छत और मुंडेर पर तोतों के बड़े झुंड दाना चुगने के लिए उतरते हैं, जिससे यह जगह किसी पक्षी अभयारण्य जैसी नजर आती है। इसी अनोखे प्रेम के कारण सुधर्शन साह को 'पैरेट मैन ऑफ चेन्नई' के नाम से पहचान मिली है।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, सुधर्शन रोज चावल और मूंगफली जैसे खाद्य पदार्थों का इंतजाम करते हैं, जिस पर प्रतिदिन हजारों रुपये तक खर्च होते हैं। उनके लिए यह सिर्फ पक्षियों को खाना खिलाना नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ रिश्ता निभाने का तरीका है। शुरुआत में कुछ पक्षी आते थे, लेकिन धीरे-धीरे इस जगह की आदत होने के साथ उनकी संख्या बढ़ती चली गई।

सुधर्शन साह की पक्षियों के प्रति इसी लगन ने उन्हें खास पहचान दिलाई। उनकी वास्तविक जिंदगी से प्रेरित तोतों को दाना खिलाने वाला दृश्य तमिल फिल्म 'मेयाझगन' में भी दिखाया गया, जिससे उनकी कहानी और ज्यादा लोगों तक पहुंची।

सुधर्शन साह और विद्या का मानना है कि प्रकृति के प्रति प्रेम जताने के लिए बड़ी-बड़ी योजनाओं की जरूरत नहीं होती। एक छोटी शुरुआत भी हजारों बेजुबान पक्षियों के जीवन का सहारा बन सकती है। उनका घर आज इंसान और परिंदों के बीच खूबसूरत रिश्ते की मिसाल बन गया है।