गोरखपुर में परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों के छात्रों के शैक्षणिक अभिलेखों में मिली विसंगतियों को दूर करने के लिए शिक्षा विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। यू-डायस प्लस पोर्टल पर दर्ज डुप्लीकेट विद्यार्थियों के आंकड़ों के सत्यापन और निराकरण की जिम्मेदारी विद्यालयों को सौंपी गई है। जिले में ऐसे 4363 विद्यार्थियों के विवरण चिह्नित किए गए हैं, जिन्हें पोर्टल से हटाया जाना है। यह स्थिति जिले के कुल 8822 विद्यार्थियों के आंकड़ों के परीक्षण में सामने आई है।
समग्र शिक्षा के राज्य परियोजना निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र जारी कर सभी विसंगतियों का अनिवार्य रूप से निराकरण कराने का निर्देश दिया है। इसके तहत विद्यालयों को यू-डायस प्लस पोर्टल पर डुप्लीकेट छात्र-छात्राओं का उपलब्ध मूल अभिलेखों से मिलान करना होगा। सही प्रविष्टियां सुरक्षित रखते हुए अतिरिक्त और डुप्लीकेट प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाना होगा। इसके लिए विद्यालयों को अलग से सूची भी उपलब्ध कराई गई है। कक्षा नौ और 10 के ड्रापबाक्स में लंबित छात्र-छात्राओं के अभिलेखों की भी जांच करने को कहा गया है। विद्यालय स्तर पर उपलब्ध रिकार्ड के आधार पर जरूरी कार्रवाई पूरी कर ऐसे विद्यार्थियों का विवरण पोर्टल से हटाया जाएगा।
यूपी बोर्ड और यू-डायस प्लस के छात्र डेटा का भी आपस में मिलान करना अनिवार्य किया गया है। नाम, पहचान संबंधी विवरण, कक्षा और विद्यालय के नाम में अंतर मिलने पर मूल अभिलेखों के आधार पर तत्काल सुधार करना होगा। विभाग का मानना है कि दोनों पोर्टल पर विद्यार्थियों का एक समान और शुद्ध विवरण होना जरूरी है, क्योंकि आंकड़ों में अंतर रहने से नामांकन और शैक्षणिक अभिलेखों की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। विद्यालयों को निर्देशित किया गया है कि बिना मूल अभिलेखों का सत्यापन किए किसी विद्यार्थी का विवरण न हटाएं।
संयुक्त शिक्षा निदेशक, सप्तम मंडल, गोरखपुर सतीश सिंह के अनुसार, डुप्लीकेट प्रविष्टियों, ड्रापबाक्स में लंबित मामलों और दोनों पोर्टल के आंकड़ों में अंतर को विद्यालय स्तर पर जांचकर दुरुस्त किया जाएगा। संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
