क्राइस्टचर्च के उत्तरी ग्रामीण इलाके में रह रहे भारतीय टीम के पहले विदेशी कोच जॉन राइट ने क्राइस्टचर्च में भारतीय क्रिकेट से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं। हेगले ओवल में शुक्रवार से भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट शुरू होना है। गुरुवार को राइट यहां पहुंचे तो वे भारत की यादों में खो गए। उन्होंने वीडियो कॉल में बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से बात भी कराई। 2002 में नेटवेस्ट ट्रॉफी के दौरान राजीव टीम मैनेजर थे और राइट मुख्य कोच थे।
राइट ने कहा कि टीम हमेशा कप्तान की होती है। वही टीम का मुख्य आदमी होता है क्योंकि मैदान पर फैसले कप्तान को ही लेने होते हैं। उन्होंने कहा कि 2003 विश्व कप फाइनल में अनिल कुंबले को न खिलाने का मलाल उन्हें अब भी है। उस विश्व कप में भारतीय टीम सिर्फ दो मैच हारी थी, लीग मैच और फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से। फाइनल में रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सौरव गांगुली की टीम को आसानी से पराजित किया था। राइट ने कहा कि पूरे विश्व कप में उनका प्लान 32 ओवर तक विकेट बचाकर रखने और उसके बाद अटैक करने का था, लेकिन फाइनल में ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि जोहानिसबर्ग के विकेट से ज्यादा मदद मिलने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ और शुरुआती पांच ओवर अच्छी गेंदबाजी नहीं होने से ऑस्ट्रेलिया को मोमेंटम मिल गया, जिससे उसने दो विकेट पर 359 रन बनाए और भारत दबाव में 234 रन पर आलआउट हो गया।
राइट ने कहा कि गांगुली के साथ काम करने में हमेशा मजा आया। वह टीम को आगे ले जाने में विश्वास करते थे और उनको प्रतिभा की अच्छी समझ थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने और गांगुली ने वीरेंद्र सहवाग को स्पॉट किया। 2002 में भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे पर कोई रन नहीं बना पा रहा था, लेकिन एक सहवाग ही थे जो रन बनाने में सफल रहे।
72 वर्षीय राइट ने बुमराह की खोज का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा कि 2013 में उन्हें अनिल कुंबले के साथ मुंबई इंडियंस को कोचिंग देने का मौका मिला था। वे सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में पश्चिम जोन के मैच देखने गए थे, जहां मुंबई बनाम गुजरात का मैच चल रहा था। खेल खत्म होने में छह या सात ओवर बचे थे जब एक लड़का गेंदबाजी करने आया और उसने लगातार यॉर्कर फेंकने की कोशिश की। मैच के बाद उन्होंने गुजरात के कप्तान पार्थिव पटेल से उस लड़के के बारे में पूछा, जिन्होंने बताया कि वह बूम है। राइट ने फिर राहुल सांघवी से संपर्क किया और अगली सुबह आईपीएल नीलामी से पहले ही उसे साइन कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरसीबी के खिलाफ पहले मैच से पहले नेट्स में उन्होंने बुमराह से सचिन को गेंदबाजी करने को कहा, और अभ्यास के बाद सचिन ने उनसे कहा कि उस लड़के को समझना बहुत मुश्किल है। यह सुनकर उन्हें बहुत खुशी हुई।
