आगरा में शादी समारोह और सामाजिक आयोजनों के दौरान जाम, चोरी और हर्ष फायरिंग की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने इन आयोजनों को लेकर 12 सूत्रीय दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका उद्देश्य आम लोगों को जाम से राहत दिलाना और समारोह स्थलों पर चोरी तथा हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

नगर जोन में अब शादी समारोह के नाम पर सड़क पर बारात निकालने, घुड़चढ़ी करने और स्वागत कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। जयमाला और अन्य रस्में भी परिसर के अंदर ही करानी होंगी। होटल, मैरिज होम, रिसॉर्ट और गेस्ट हाउस संचालकों को अपने परिसर में ही पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी। सड़क पर वाहन खड़े मिलने पर संबंधित संचालकों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। समारोह स्थलों के संचालक परिसर के अंदर किसी भी प्रकार का असलहा ले जाने की अनुमति नहीं देंगे। हर्ष फायरिंग की घटना होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सभी समारोह स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। होटल और मैरिज होम संचालकों को कैमरों की व्यवस्था का मानचित्र दो दिन के अंदर संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराना होगा। कार्यक्रम समाप्त होने तक मुख्य द्वार पर निजी सुरक्षा गार्डों की ड्यूटी लगानी होगी, ताकि यातायात बाधित न हो। समारोह स्थलों पर डीजे निर्धारित समय और ध्वनि सीमा के अनुसार ही बजाया जा सकेगा, जिसके लिए सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट की गाइडलाइन का पालन करना होगा। ऐतिहासिक स्थलों, भीड़भाड़ और रिहायशी इलाकों के आसपास तेज आवाज वाली आतिशबाजी और अधिक ज्वलनशील विस्फोटकों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। प्रतिबंधित क्षेत्रों में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने की भी अनुमति नहीं होगी।

डीसीपी रविंद्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि यदि वे 2-3 दिन के लिए घर से बाहर जा रहे हैं तो इसकी सूचना नजदीकी पुलिस चौकी या थाने पर जरूर दें। समारोह स्थलों पर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस या यूपी-112 को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने सख्त हिदायत दी है कि जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।