नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो और सरखेज पुलिस ने रविवार को अहमदाबाद के सरखेज इलाके में एमडी ड्रग्स बनाने वाली एक फैक्ट्री पर छापेमारी की। यह फैक्ट्री एक बिल्डिंग के तहखाने में बनाई गई थी। पुलिस ने मौके से करोड़ों रुपए कीमत का ड्रग्स बनाने का कच्चा माल जब्त किया है। मामले में मुख्य आरोपी मुदस्सर पठान और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया गया है।

अहमदाबाद जोन-7 के डीसीपी शिवम वर्मा ने बताया कि खुफिया सूत्रों से जानकारी मिलने के बाद एनसीबी और पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और सरखेज इलाके की बिल्डिंग में छापेमारी की। तहखाने से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बनाने का कच्चा माल बरामद हुआ। मौके से 20 तरह के केमिकल भी जब्त किए गए हैं।

जांच में सामने आया है कि आरोपी मुदस्सर पठान ने राजस्थान से ड्रग्स बनाने की ट्रेनिंग ली थी और नशीले पदार्थ बनाने का कच्चा माल मध्य प्रदेश के रतलाम से मंगवा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले एक महीने से तहखाने में ड्रग्स तैयार कर रहा था, लेकिन पहली डिलीवरी से पहले ही फैक्ट्री पकड़ी गई। जांच में यह भी पता चला है कि मुदस्सर खुद ड्रग्स का आदी है और इसी कारण तीन साल पहले उसने ड्रग्स बेचना शुरू किया था।

डीसीपी के मुताबिक जांच में सामने आया कि मुदस्सर पिछले एक साल से नशा बनाने का काम कर रहा था। आरोपी के खिलाफ सरखेज पुलिस स्टेशन में मारपीट के कई मामले पहले से दर्ज हैं।