नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सोमवार को वायु गुणवत्ता में 15 दिनों बाद सुधार दर्ज किया गया। रविवार की हल्की बारिश और सोमवार को 14 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के कारण प्रदूषण का स्तर नीचे आया। सोमवार को नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 214 रहा, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई घटकर 171 हो गया, जिससे यह 'संतोषजनक' श्रेणी में पहुंच गया।
सुबह से मौसम साफ रहने और तेज हवा चलने के कारण आसमान में प्रदूषण की धुंध नहीं छाई, जिससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने की तकलीफ से राहत मिली। बता दें कि नवंबर में दोनों शहरों की हवा 'बेहद खराब' से 'गंभीर' श्रेणी तक पहुंच गई थी।
हवा में सुधार के बावजूद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की ओर से लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) की पाबंदियां फिलहाल जारी रहेंगी। प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू नियम और प्रतिबंध आगे भी लागू रहेंगे।
मौसम और हवा में सुधार को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों में हाइब्रिड मोड पर चल रही पांचवीं तक की कक्षाओं को अब पूरी तरह से ऑफलाइन मोड पर संचालित करने का निर्णय लिया है।
