चार नागा नागरिकों की हत्या के विरोध में 'नेटिव पीपल्स कमिटी मणिपुर' की ओर से बुलाई गई 24 घंटे की आम हड़ताल के कारण सोमवार को मणिपुर में जनजीवन प्रभावित रहा। यह हड़ताल आधी रात से शुरू हुई और इसका असर घाटी के सभी पांच जिलों तथा उखरुल जिले के नागा बहुल इलाकों में देखा गया। बाजार तथा स्कूल-कॉलेज बंद रहे और सार्वजनिक परिवहन के साधन सड़कों पर नहीं चले।

इंफाल पश्चिम जिले के चिंगमेइरोंग में प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और हत्याओं के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने पर सुरक्षा बलों ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

उधर, दिल्ली पुलिस ने सोमवार को पीतमपुरा में एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया। आरोप है कि यहां काम करने वाले लोग खुद को डॉक्टर बताकर ग्राहकों को यूनानी दवाएं खरीदने के लिए राजी करते थे और इसके लिए एक हेल्थकेयर कंपनी तथा उसके डिस्ट्रिब्यूटर से चुराए गए गोपनीय डेटा का इस्तेमाल करते थे। मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 40 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और छह फर्जी मोहरें जब्त की हैं।

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में रविवार सुबह करीब 10 बजे पंढरपुर तालुका के अम्बे गांव में खेत में जेसीबी मशीन की मदद से 50 फीट गहरा कुआं खोदते समय मिट्टी धंसने से चार मजदूरों की मौत हो गई। जिला कलेक्टर एस. कार्तिकेयन के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुआ बचाव अभियान लगभग 30 एनडीआरएफ कर्मियों की मदद से करीब 25 घंटे चला और सोमवार सुबह 11:30 बजे तक शवों को बाहर निकाल लिया गया। शवों को परिजनों को सौंपने से पहले पोस्टमार्टम किया जाएगा। शुरुआती जांच में पता चला है कि घटनास्थल पर बिना अनुमति के ब्लास्टिंग की गई थी।

कलकत्ता हाईकोर्ट ने सोमवार को कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी की उस याचिका पर 20 नवंबर को सुनवाई करेगा, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में गिरफ्तारी या किसी अन्य सख्त कार्रवाई से मिली अंतरिम सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। यह अंतरिम सुरक्षा इसी साल मई में मिली थी और 6 अक्टूबर को समाप्त हो गई। यह एफआईआर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा में कथित तौर पर धमकी भरी टिप्पणियां करने को लेकर दर्ज की गई थी।

चारधाम यात्रा प्रबंधन एवं नियंत्रण संगठन के अनुसार, इस यात्रा में अब तक कुल 65.37 लाख श्रद्धालु पहुंचे हैं। बद्रीनाथ धाम में सबसे ज्यादा 23 लाख 21 हजार 401 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जहां शनिवार को भी 17 हजार 532 लोग पहुंचे। बद्रीनाथ के कपाट 16 नवंबर को बंद होंगे, जिसके साथ ग्रीष्मकालीन चारधाम यात्रा संपन्न हो जाएगी। केदारनाथ धाम में 22 अप्रैल से 11 नवंबर के बीच 19 लाख 33 हजार 138 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जो 2023 के बाद दूसरी सबसे बड़ी संख्या है।

सोमवार सुबह 3:07 बजे (भारतीय समयानुसार) अफगानिस्तान में 5.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र 179 किमी की गहराई पर था। अभी तक किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।