अभिजीत दीपके की अगुवाई वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने उत्तर प्रदेश समेत 10 राज्यों और पूर्वोत्तर क्षेत्र में पदाधिकारियों की घोषणा की है। पार्टी ने सबसे बड़ी 16 सदस्यीय समिति उत्तर प्रदेश में बनाई है, जहां कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि वह चुनाव नहीं लड़ेगी।

राजस्थान, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, बिहार, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश और पूर्वोत्तर में नियुक्तियां की गई हैं। महाराष्ट्र में 15, झारखंड और पूर्वोत्तर में 14-14, बिहार में 13, पश्चिम बंगाल में 12, हरियाणा और उत्तराखंड में 6-6, राजस्थान में 5 और जम्मू-कश्मीर में 4 सदस्य हैं। इससे पहले पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर टीम का ऐलान किया था, जिसके संयोजक अभिजीत दीपके बने थे। क्षितिज पगार को पश्चिमी जोन और डॉक्टर विवेक सांगवान को उत्तरी जोन का प्रभारी बनाया गया है, जबकि मुहम्मद जुनैद और गीगराज जोरली उत्तरी जोन समन्वय समिति के सदस्य हैं।

पार्टी की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक सुभाश्री दास ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा कि CJP एक राजनीतिक दबाव समूह है और आगे भी रहेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल कोई राजनीतिक दल बनाने की योजना नहीं है। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे के अनुसार, ये टीमें राज्य स्तर पर काम करेंगी और पहले लोकसभा क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा। सदस्यता बढ़ने पर विधानसभा स्तर तक जाने की बात कही गई है। पार्टी ने महाराष्ट्र से सदस्यता अभियान शुरू किया है और हरियाणा में भी लोगों को जोड़ने का काम चल रहा है।

CJP लगातार भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। दीपके ने दावा किया है कि भाजपा 2029 के लोकसभा चुनाव में सत्ता से बाहर हो जाएगी। पार्टी चुनाव आयोग के खिलाफ भी मोर्चा खोल चुकी है और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग कर रही है। पार्टी का कहना है कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था लागू होने तक संघर्ष जारी रहेगा।