गुजरात के मोरबी-राजकोट हाईवे पर सोमवार को एक तेज रफ्तार कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। कार सड़क पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और करीब 7 बार पलटी खाने के बाद सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से जा टकराई। हादसे में कार में सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजकोट निवासी अमन गणेशभाई बाबरिया (25 साल) और प्रभात कालूभाई लामका (28 साल) के रूप में हुई है। वहीं, घायल 35 वर्षीय जीवण सवाभाई डाभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि तीनों युवक मंडप डेकोरेशन का काम करते थे और इसी सिलसिले में मोरबी आ रहे थे। टंकारा के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि कार तेज रफ्तार से जा रही थी, इसी दौरान वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटने लगी। कई बार पलटी खाने के बाद कार सड़क किनारे लगे ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
