छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो गया। व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा किया। अर्घ्य के लिए श्रद्धालु सुबह 4 बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में गंगा-यमुना समेत अन्य नदियों और तालाबों के घाटों पर भीड़ रही। दिल्ली में यमुना घाटों पर सूर्योदय के समय करीब सवा लाख लोग मौजूद थे। बिहार में सबसे पहले किशनगंज में 5:57 बजे सूर्योदय हुआ। राज्य के करीब डेढ़ करोड़ घरों में छठ पूजा हो रही है और 10 हजार से ज्यादा घाटों पर सुबह से भीड़ उमड़ी।

बिहार के मोतिहारी सेंट्रल जेल में कैदियों ने भी छठ पूजा की। जेल परिसर में इसके लिए विशेष घाट बनाया गया था, जहां 75 महिलाओं और 62 पुरुषों समेत कई कैदियों ने पूजा की। विदेश में भी पर्व आस्था के साथ मनाया गया। अमेरिका के वॉशिंगटन में पोटोमैक नदी के किनारे पूर्वांचल के लोगों ने छठ पूजा की।

देश के विभिन्न हिस्सों में भी श्रद्धालुओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। दिल्ली में यमुना नदी के कालिंदी कुंज घाट पर श्रद्धालुओं ने उषा अर्घ्य अर्पित किया। असम के डिब्रूगढ़ में बारिश के बीच पूजा-अर्चना हुई, जबकि तिनसुकिया के सदिया कस्बे में पारंपरिक अनुष्ठान के लिए श्रद्धालु इकट्ठा हुए। पुरी के नरेंद्र कोना तालाब, कोलकाता के कदमतला घाट, मुंबई के जुहू बीच और जयपुर के गलताजी तीर्थ स्थल पर भी श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर में घाट पर पहुंचकर सुबह का अर्घ्य दिया, जबकि उन्होंने अपने पैतृक गांव लखनपुर में भी पूजा की। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर में पत्नी के साथ पूजा-अनुष्ठान किए। भुवनेश्वर के कुआखाई नदी घाट पर वरिष्ठ IPS अधिकारी संजय कुमार और परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर के साथ श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया। पटना में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने परिवार के साथ अर्घ्य देकर लोगों के कल्याण की कामना की। भागलपुर में महिलाओं ने दंडवत करते हुए घाटों तक पहुंचकर अर्घ्य दिया।