जीपीटी-5 की सुरक्षा जांच कर चुके निकोला युर्कोविच ने एक लेटर जारी कर चेतावनी दी है कि 2027 में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कोरोना से बड़ा संकट खड़ा कर सकता है और बड़े पैमाने पर मौतें हो सकती हैं। हार्वर्ड से पढ़े निकोला ने लोगों से घर में 14 दिन का राशन-पानी और नकदी रखने की अपील की है, क्योंकि ऑनलाइन बैंकिंग ठप हो सकती है। उन्होंने लिखा कि उन्हें यकीन नहीं कि अगले थैंक्सगिविंग तक हम जीवित रहेंगे। उनके मुताबिक AI पर नियंत्रण छूट रहा है। इस साल कंपनियों के कंप्यूटर सिस्टम में AI की सेंध से आर्थिक नुकसान हुआ, लेकिन 2027 में बड़े पैमाने पर मौतें संभव हैं। शुक्रवार तक यह लेटर 8.09 लाख बार देखा गया।

युर्कोविच ने तीन बड़े खतरों का जिक्र किया है। उनके मुताबिक AI इंसानों के नियंत्रण से बाहर होकर जरूरी सेवाओं के संचालन तंत्र में सेंध लगा सकता है और 2027 में खुद को विकसित कर दुनिया के सबसे बुद्धिमान इंसान से भी आगे निकल सकता है। अहम फैसले लेने वाले लोग लापरवाही में अपने अधिकार AI को सौंप सकते हैं, जिससे मशीनें ऐसे लक्ष्यों के लिए काम कर सकती हैं जो इंसानों के अस्तित्व के ही खिलाफ हों। गलत इरादे वाले लोग AI की बढ़ती क्षमताओं का इस्तेमाल जैविक हथियार बनाने में कर सकते हैं, जिससे बड़े पैमाने पर जानें जाने का खतरा है।

युर्कोविच ने आशंका जताई है कि अगर AI के विकास की रफ्तार नहीं थमी तो 2030 के अंत तक मानवता के खत्म होने या नियंत्रण खो देने की आशंका 50% है। उनके मुताबिक इन खतरों से बच भी गए तो 10 साल में मौजूदा ज्यादातर नौकरियां खत्म हो सकती हैं।

अन्य विशेषज्ञों ने भी AI की स्पीड कम करने की बात कही है। AI के जनक कहे जाने वाले योशुआ बेंजियो के मुताबिक हम तेजी से ऐसे AI बना रहे हैं, जिन्हें नियंत्रित करना नहीं जानते और मानवता खतरों की ओर बढ़ रही है। नोबेल विजेता जेफ्री हिंटन ने कहा कि कुछ साल में AI इंसानों से ज्यादा बुद्धिमान हो सकता है और उसे नियंत्रित करने का तरीका खोजना होगा।