एअर इंडिया ने पिछले तीन महीनों में परिचालन सुधार का दावा किया है। कंपनी के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टेवोल्डे गेब्रेमरियम ने कर्मचारियों के साथ टाउनहॉल बैठक में बताया कि एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की घरेलू उड़ानों का समय पर परिचालन (ओटीपी) 80 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया है। अब कंपनी का जोर लागत घटाने और मुनाफा बढ़ाने पर है। उन्होंने कहा कि समय पर संचालन में एयरपोर्ट कर्मचारियों, पायलटों और केबिन क्रू की भूमिका रही है। ग्राहक संतुष्टि में भी सुधार हुआ है। कंपनी का कुल नेट प्रमोटर स्कोर पिछले साल के 35 से बढ़कर 38 और घरेलू उड़ानों का स्कोर 48 से बढ़कर 51 हो गया है। सामान गुम होने या गलत पहुंचने की घटनाओं में भी कमी आई है।
क्षेत्रीय हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंधों के असर को देखते हुए कंपनी अपने उड़ान नेटवर्क में बदलाव कर रही है। अब पश्चिमी देशों की ओर जाने वाले यात्रियों को जोड़ने वाली अधिक उड़ानें मुंबई से संचालित करने की योजना है, जबकि दिल्ली से पूर्वी देशों के लिए कनेक्टिंग उड़ानों पर जोर रहेगा। इससे परिचालन अधिक सुचारु होने और खर्च घटाने में मदद मिलने की उम्मीद है। दक्षिण भारत में भी नए हवाई केंद्र विकसित करने की संभावनाएं देखी जा रही हैं।
खर्च कम करने के लिए कंपनी ने एक विशेष कार्यक्रम शुरू किया है, जिसके तहत कर्मचारियों से अब तक 1,500 से अधिक सुझाव मिले हैं। कंपनी ईंधन खर्च और परिचालन लागत पर नियंत्रण के साथ आय बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है। एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस को एक समूह के रूप में अधिक समन्वय के साथ चलाने की योजना है, हालांकि दोनों कंपनियां अलग-अलग एयर ऑपरेटर प्रमाणपत्र के तहत काम करती रहेंगी। एअर इंडिया पूर्ण सेवा वाली एयरलाइन और एयर इंडिया एक्सप्रेस किफायती विमानन सेवा पर ध्यान देगी। प्रशिक्षण, वित्त, मानव संसाधन और तकनीक जैसे कामों में समूह स्तर पर तालमेल बढ़ाया जाएगा।
टेवोल्डे ने कहा कि भारत का तेजी से बढ़ता विमानन बाजार एअर इंडिया के लिए वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान बनाने का बड़ा अवसर है। इसके लिए लागत पर नियंत्रण, जवाबदेही और तेजी से फैसले लेना जरूरी होगा।
