समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर पहुंचे। दोपहर करीब 12:50 बजे वह एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से पीडीए रथ पर सवार होकर रोड शो के लिए निकले। करीब 20 किलोमीटर लंबा यह रोड शो चौरीचौरा के देवकही गांव में संपन्न होगा। बताया गया है कि रोड शो की अवधि दो घंटे से अधिक रखी गई है। सपा कार्यकर्ताओं में रोड शो को लेकर उत्साह देखा जा रहा है और जगह-जगह उनकी भीड़ जुटी है। कार्यकर्ता फूल-मालाओं से उनका स्वागत करेंगे। गोरखपुर में अखिलेश यादव के स्वागत में जगह-जगह बुलडोजर खड़े किए गए हैं, जिन पर सपा प्रमुख के पोस्टर लगाए गए हैं। कूड़ाघाट तिराहे पर स्वागत के लिए दो क्रेन लगाई गई हैं। स्वागत में महिलाएं भी शामिल हैं और एम्स के पास कार्यकर्ता उनका इंतजार कर रहे हैं। सपा प्रमुख तीन साल बाद गोरखपुर आए हैं।

देवकही में अखिलेश यादव 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद पूर्व छात्रनेता बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के आवास तिवारी हाता जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 3:30 बजे देवकही से रवाना होंगे और 3:45 बजे तिवारी हाता पहुंचेंगे। करीब आधे घंटे रुकने के बाद 4:15 बजे एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे और शाम 4:45 बजे विमान से लखनऊ रवाना होंगे।

पार्टी ने रोड शो में एक लाख से अधिक नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी का लक्ष्य रखा है। पहले जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी थी, अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बुलाए गए हैं। बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू के पार्टी में शामिल होने और अखिलेश के तिवारी हाता जाने से स्थानीय सियासी समीकरणों को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। बता दें कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी गोरखपुर के रास्ते पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। यह आयोजन सपा की चुनावी ताकत और संगठन की सक्रियता परखने का बड़ा मौका माना जा रहा है।