विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच अलीगढ़ जिले में मतदाता सूची जारी कर दी गई है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में मतदाताओं की संख्या 24.10 लाख रह गई थी, जो अब बढ़कर 24.44 लाख हो गई है। एसआईआर के बाद करीब 34 हजार नए मतदाता जुड़े हैं। सूची में 13.23 लाख पुरुष, 11.21 लाख महिला और 84 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले यह संख्या अब भी 2.71 लाख कम है। 2024 में जिले में कुल 27.59 लाख मतदाता थे, लेकिन एसआईआर के दौरान करीब साढ़े तीन लाख नाम सूची से बाहर हो गए थे।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम अविनाश कुमार ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची की प्रतियां सौंपीं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के लिए त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना महत्वपूर्ण है। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए राजनीतिक दल अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त कर सक्रिय भूमिका निभाएं। जिले में 1642 मतदान केंद्रों के तहत 3222 मतदेय स्थल हैं। इस मौके पर एडीएम सौरभ भट्ट सहित भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक आवेदन किया जा सकता है। दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी। प्रक्रिया को गति देने के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को सभी 3222 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे, जिनमें बीएलओ और संबंधित कर्मचारी मौजूद रहेंगे। नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और विवरण में संशोधन या स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। आवेदन मतदाता निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINET मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन भी किए जा सकते हैं।
डीएम ने राजनीतिक दलों से प्रत्येक बूथ पर बीएलए नियुक्त कर सूची जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा। बीएलए एक बार में अधिकतम 10 आवेदन जमा कर सकेंगे। 30 से अधिक आवेदन जमा होने पर ईआरओ और एईआरओ उनका सत्यापन करेंगे।
