अलीगढ़ में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण संशोधित कराने के लिए दो दिवसीय विशेष पुनरीक्षण अभियान शुरू हुआ है। शनिवार को जिले के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की अच्छी खासी भीड़ देखी गई। लोग परिवार के सदस्यों के साथ बूथों पर पहुंचकर प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची में अपना नाम जांच रहे हैं। जिन लोगों के नाम सूची में नहीं मिल रहे, वे नाम जोड़ने के लिए फॉर्म भर रहे हैं। वहीं नाम, पता और अन्य विवरणों में गड़बड़ी सुधारने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन किए जा रहे हैं।

सुबह 11 बजे अलीगढ़ पब्लिक स्कूल पहुंचकर देखा गया, जहां कोल विधानसभा क्षेत्र के छह बूथ बनाए गए हैं। इन सभी बूथों पर मतदाताओं की आवाजाही दिखाई दी। इसी तरह नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज के चार बूथों पर भी मतदाता पहुंचे। विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची दुरुस्त कराने को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। जिले के अन्य सात विधानसभा क्षेत्रों में भी बूथों पर मतदाताओं के पहुंचने की सूचना है।

जिले के सभी 3034 बूथों पर बीएलओ की तैनाती की गई है, जो सुबह 10 से शाम चार बजे तक मतदाताओं की मदद कर रहे हैं। दो दिवसीय अभियान के दौरान नाम जोड़ने, काटने और विवरण संशोधित करने के लिए निर्धारित फॉर्म उपलब्ध कराए जा रहे हैं।