प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा स्थित तीबीपुर गांव में गुरुवार देर शाम एक विवाहिता का शव ससुराल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला और पूछताछ के लिए सास-ससुर को थाने ले गई।

जानकारी के अनुसार, वंदना पाल का मायका सुलतानपुर जिले के धम्मौर क्षेत्र के त्यागीपुर गांव में है। उसने 21 नवंबर 2023 को तीबीपुर निवासी महेंद्र कुमार पाल से प्रेम विवाह किया था। पति रोजी-रोजगार के लिए दिल्ली में रहता है। नवरात्र के दौरान वंदना मायके गई थी और मंगलवार को अपने भाई के साथ ससुराल लौटी थी।

गुरुवार सुबह करीब 10 बजे सास-ससुर धान कटवाने के लिए दलापुर स्थित खेत पर गए थे। शाम करीब छह बजे लौटे तो वंदना के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो कमरे में वंदना का शव मिला।

थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि सास-ससुर से पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।