तमिलनाडु में कन्याकुमारी के नागरकोइल रेलवे यार्ड में 54 वर्षीय महिला से कथित रेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, महिला का शव 13 नवंबर की आधी रात एक खाली रेलवे कोच में मिला, जब उसकी सफाई की जा रही थी। इस कोच का इस्तेमाल दूसरी ट्रेन में किया जाना था। पुलिस ने महिला की पहचान उसकी सांप के डिजाइन वाली सोने की अंगूठी से की। अंगूठी पर दर्ज हॉलमार्क के जरिए पुलिस गुजरात में उसके स्रोत तक पहुंची, जहां से छत्तीसगढ़ के रायपुर के एक ज्वेलरी रिटेलर का पता मिला। इसके बाद महिला की PAN डिटेल्स और अंगूठी खरीदते समय दिए गए मध्य प्रदेश के पते से पुलिस उसके परिवार तक पहुंच गई। महिला अपने कस्बे से पिछले तीन महीने से लापता बताई जा रही थी। उसके पति और बच्चे कन्याकुमारी के लिए रवाना हो चुके हैं।

रेलवे SP (त्रिची) आदर्श पचेरा ने बताया कि पहचान के साथ ही पुलिस ने रेप और हत्या का केस भी तेजी से सुलझा लिया। जांचकर्ताओं ने शुरुआत में तीन संदिग्धों पर ध्यान केंद्रित किया था। रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज में सफेद कपड़े पहने एक व्यक्ति कोच से बाहर निकलते दिखा, जो जांच के लिए अहम सुराग साबित हुआ। पूछताछ में उसने कथित तौर पर अपराध कबूल कर लिया। आरोपी को रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर घूमने वाला भिखारी बताया गया है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी की महिला से पहले कुछ बार मुलाकात हुई थी। उसने महिला को खाली कोच में ले जाकर जबरदस्ती की और कथित तौर पर रेप किया, इसके बाद उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की खून से सनी शर्ट भी बरामद की है, जिसे उसने एक गड्ढे में फेंक दिया था।

तमिलनाडु रेलवे के DGP के. वन्निया पेरुमल ने जांच की तारीफ की। उन्होंने कहा कि SP आदर्श पचेरा नागरकोइल में डटे रहे और आरोपी को छह घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया।

महिला का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत की वजह और रेप की पुष्टि की जाएगी। शुरुआती जांच में महिला की पसलियों में फ्रैक्चर मिला है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने रेप और हत्या की बात कबूल की है। उसने कथित तौर पर हाथों से हमला किया और महिला की छाती पर लात मारी। पुलिस के अनुसार, हमले में किसी हथियार का इस्तेमाल नहीं किया गया।