बिहार सरकार में ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश का प्रभारी मनोनीत किया गया है। यह मनोनयन 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए पार्टी संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है।
प्रभारी बनाए जाने पर उत्तर प्रदेश से आए जदयू संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजगीर के सर्किट हाउस में श्रवण कुमार से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इनमें उत्तर प्रदेश के पूर्व विधायक हरिराम चेरो, जदयू यूपी के प्रदेश महासचिव हरिशंकर पटेल, प्रदेश महासचिव अभिषेक कुमार राय, विनय श्रीवास्तव, सुनील पटेल और ओम हरि नारायण शर्मा शामिल थे। उन्होंने कहा कि इस मनोनयन से उत्तर प्रदेश में जदयू संगठन मजबूत होगा और आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी को लेकर जदयू ने श्रवण कुमार को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया है। इससे पहले पिछले एक नवंबर को वाराणसी के करौता स्थित रामलीला मैदान में जदयू का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित हुआ था, जिसमें श्रवण कुमार ने उत्तर प्रदेश जाकर वहां के जदयू कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी और उनके गांव में जाकर लोगों से भी मिले थे। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बिहार के विकास में किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी दी थी। उस कार्यकर्ता सम्मेलन में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी शामिल हुए थे।
