उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में नमामि गंगे घाट पर हुआ। इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की कई राजनीतिक हस्तियां और वीवीआईपी पहुंचे। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और पुलिस तथा प्रशासन की टीमें भीड़ नियंत्रित करने में जुटी थीं।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जब श्मशान घाट पर भीड़ का दबाव बढ़ते और व्यवस्थाएं प्रभावित होते देखा तो वे खुद व्यवस्था संभालने लगे। सुरक्षा प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना उन्होंने लोगों से एक तरफ व्यवस्थित खड़े होने को कहा। कहीं भीड़ को पीछे हटाया तो कहीं लोगों को रास्ता देने के लिए समझाया। मौके पर बड़े-बड़े वीवीआईपी, सुरक्षा घेरा और प्रशासनिक अमला मौजूद था, लेकिन धामी लोगों को व्यवस्थित करते नजर आए। उनका यह अंदाज घाट पर चर्चा का विषय बना रहा।

मां को अंतिम विदाई देते हुए योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। पैतृक गांव पंचूर में मां की अंतिम यात्रा के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। नाथ संप्रदाय में मां की अर्थी को कंधा देने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के विषय पर अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने कहा कि योगी आदित्यनाथ भी एक बेटे हैं। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य ने भी अपनी मां को कंधा दिया था और उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि मां तो मां होती है, वह साक्षात देवी और महादेवी है। उन्होंने मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने को अच्छी बात बताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ विद्वान और सनातन के प्रहरी हैं और पूरा सनातन उनके साथ है।