ट्रैफिक चालान का निपटारा करने के लिए लोक अदालत में लगने वाली लंबी कतारों और टोकन की परेशानी से बचने के लिए इवनिंग कोर्ट एक आसान विकल्प हो सकता है। इवनिंग कोर्ट नियमित अदालत के बाद लगती है और कार्यदिवसों में शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच यहां जाकर चालान का निपटारा किया जा सकता है।

चालान समय पर जमा न करने पर अतिरिक्त जुर्माना लग सकता है और मामला कोर्ट तक भी जा सकता है। कई लोग कम जुर्माने की उम्मीद में लोक अदालत का इंतजार करते हैं, लेकिन वहां भारी भीड़ और लंबी कतारों के कारण कई बार टोकन मिलने में दिक्कत आती है। ऐसे में इवनिंग कोर्ट कम थकाने वाला और आसान रास्ता माना जा रहा है।

दिल्ली में इस सुविधा का लाभ लेने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट पर जाकर Online Appointment for Evening Court के विकल्प पर क्लिक करना होगा। अगले पेज पर गाड़ी का नंबर दर्ज करने पर सभी बकाया चालान स्क्रीन पर दिखने लगेंगे। इसके बाद सुविधा के अनुसार कोर्ट, तारीख और समय चुनना होगा। इस प्रक्रिया के बाद मिलने वाले टोकन का प्रिंट निकालकर तय समय पर कोर्ट पहुंचना होगा।

बुकिंग के समय OTP उसी मोबाइल नंबर पर आएगा जो गाड़ी के RC से लिंक है। अगर नंबर अपडेट नहीं है तो पहले Vaahan Portal पर जाकर उसे सही करना चाहिए। साथ ही, चालान में छूट का लालच देने वाली किसी भी वेबसाइट या ऐप से बचना चाहिए, क्योंकि इससे धोखाधड़ी का शिकार होने का खतरा रहता है।