कानपुर में मारीशस मूल की 83 वर्षीय सरिता नून्दुन का शनिवार को बीमारी के चलते निधन हो गया। वह जाजमऊ के तिवारीपुर निवासी सेना से सेवानिवृत्त मेजर शैलेश मिश्रा की पत्नी थीं। मामला विदेश से जुड़ा होने के कारण मेजर ने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम कराया। स्वजन के अनुसार उनकी अंतिम इच्छा गंगा किनारे अंतिम संस्कार की थी, जिसे पूरा करने की तैयारी की जा रही है।

सेवानिवृत्त मेजर शैलेश मिश्रा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान वर्ष 2013 में उनकी मुलाकात मारीशस निवासी सरिता नून्दुन और उनके पति से हुई थी। सरिता के पति मारीशस में जेल अधिकारी थे और वर्ष 2018 में बीमारी के चलते उनका निधन हो गया था। इसके बाद पिछले साल शैलेश मिश्रा और सरिता ने शादी कर ली थी। दो अक्टूबर को सरिता मारीशस से उनके पास आई थीं।

मेजर ने बताया कि सरिता को करीब 30 साल से शुगर की बीमारी थी। उम्र अधिक होने और बीमारी के चलते उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सरिता की अंतिम इच्छा थी कि मृत्यु के बाद उनका अंतिम संस्कार गंगा किनारे किया जाए। इसी इच्छा को पूरा करने की तैयारी की जा रही है।