निवाड़ी जिले के ओरछा स्थित रामराजा मंदिर में भक्तों द्वारा चढ़ाए गए चढ़ावे का हिसाब-किताब किया जाएगा। साल 2017 के बाद से मिले सोने, चांदी और अन्य कीमती सामान को डबल लॉक कोषागार में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। निवाड़ी कलेक्टर यमुना भिंडे के अनुसार, यह कार्रवाई हाईकोर्ट के जून 2026 में दिए गए निर्देशों के तहत की जा रही है। उन्होंने बताया कि चढ़ावे का रिकॉर्ड मंदिर कार्यालय में मौजूद है और अब वास्तविक सामान से उसका मिलान होगा।
कलेक्टर ने बताया कि मंदिर का प्रबंधन कलेक्टर के अधीन है और इसका कोषागार प्रशासनिक अभिरक्षा में रहता है। मंदिर के कोषागार का आखिरी सत्यापन 2017 में हुआ था। इसके बाद जो चढ़ावा आया, उसे मंदिर कार्यालय के लॉकर में रखा गया और उसका रिकॉर्ड दर्ज किया गया। अब उसी सामान को डबल लॉक कोषागार में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।
ऐसा कहा जाता है कि यहां भगवान राम की प्रतिमा किसी मंदिर में नहीं बल्कि एक महल में स्थापित है। मान्यता है कि बुंदेला शासक मधुकर शाह की पत्नी महारानी कुंवरी गणेश इस प्रतिमा को अयोध्या से लेकर आईं थीं। कहा जाता है कि राजा के एक ताने के कारण रानी ने सरयू नदी के तट पर साधना शुरू की और जब उन्हें राम के दर्शन नहीं हुए तो वह नदी में कूद गईं। तब उन्हें श्री राम के दर्शन हुए और उन्होंने भगवान से ओरछा में विराजित होने का आग्रह किया।
मान्यता के अनुसार, भगवान राम ने यहां आने के लिए रानी के सामने तीन शर्तें रखी थीं। पहली शर्त थी कि अयोध्या से ओरछा तक प्रतिमा को पैदल यात्रा करते हुए लेकर जाना होगा, दूसरी शर्त थी कि यह यात्रा पुष्य नक्षत्र में होगी, और तीसरी शर्त थी कि जिस जगह मूर्ति पहली बार रखी जाएगी वहीं स्थापित होगी। इसी कारण ओरछा में भगवान राम को रामराजा सरकार के नाम से जाना जाता है। कहा जाता है कि मधुकर शाह ने भगवान के बैठने के लिए चतुर्भुज मंदिर का निर्माण कराया, लेकिन भगवान की शर्त के कारण प्रतिमा रानी की रसोई में ही विराजमान रही, जहां अब अलग मंदिर बनाया गया है और मुख्य मंदिर आज भी सूना है। यह देश का एकमात्र ऐसा मंदिर बताया जाता है जहां भगवान श्रीराम को दिन में चार बार सशस्त्र सलामी दी जाती है।
