प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मेला क्षेत्र में पहली बार 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृतियां स्थापित की जाएंगी। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान की एजेंसियों से वार्ता शुरू हो चुकी है। ये प्रतिकृतियां संगम के पास अरैल स्थित शिवालय पार्क में बनाई जाएंगी। अरैल क्षेत्र में ही वेलनेस-योगा सेंटर भी चलेगा।

मेला क्षेत्र को थीमेटिक-कांसेप्ट लाइटिंग से रोशन किया जाएगा। संगम समेत 12 स्नान घाटों और महत्वपूर्ण स्थलों पर पौराणिक-धार्मिक प्रतीकों पर आधारित सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। परेड क्षेत्र में पहली बार ट्वाय ट्रेन चलेगी और ग्रेविटी राइड की सुविधा भी होगी। इनके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। गंगा और यमुना के तटों पर सैंड आर्ट बनाए जाएंगे, जिसके लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय और अन्य महाविद्यालयों के फाइन आर्ट संकाय के प्रमुख से वार्ता हो चुकी है। पौराणिक कथाओं पर आधारित फैंसी ड्रेस और क्विज प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी, जिनमें शहर और आसपास के स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी भाग लेंगे।

मेलाधिकारी ऋषि राज के अनुसार लोक निर्माण विभाग, जल निगम, सिंचाई, विद्युत विभाग, मेला प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की निविदाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। कई विभागों में काम शुरू हो गया है। गंगा पर पांटून पुलों का निर्माण और विद्युत पोल गाड़ने का काम चल रहा है। दिसंबर तक सभी कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं।

माघ मेला 2026 की तुलना में 2027 में क्षेत्र और व्यवस्थाओं का विस्तार प्रस्तावित है। मेला क्षेत्रफल 844 हेक्टेयर से बढ़ाकर 950 हेक्टेयर किया जा रहा है। पिछली बार सात सेक्टर में मेला था, इस बार आठ सेक्टर में होगा। घाटों की लंबाई 3.60 किमी से बढ़ाकर 4.00 किमी प्रस्तावित है। पांटून पुलों की संख्या नौ रहेगी। पार्किंग स्थल 42 से बढ़कर 48, पार्किंग क्षेत्र 250 से बढ़कर 320 हेक्टेयर और पार्किंग क्षमता 1.30 लाख से बढ़कर 1.45 लाख से अधिक वाहनों की प्रस्तावित है। यातायात लाइन एक से बढ़ाकर दो किए जाने का प्रस्ताव है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत थानों की संख्या 17 से बढ़ाकर 19, चौकियों की संख्या 42 से बढ़ाकर 50 और फायर स्टेशनों की संख्या 20 से बढ़ाकर 22 प्रस्तावित है। मेला 14-15 जनवरी मकर संक्रांति से शुरू होकर 6 मार्च महाशिवरात्रि तक चलेगा।