बिजनौर के थाना बढ़ापुर क्षेत्र के मोहल्ला ठाकुरा में एक ही परिवार की तीन बच्चियों ने नदी के पास खेलते समय कसौंदी के पौधे की जहरीली फली खा ली। इस घटना में माहेनूर और चाहत की मौत हो गई, जबकि सादिका की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर हालत में सादिका को मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
एक ही परिवार में दो बच्चियों की मौत से मोहल्ले में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटा रही है।
थाना प्रभारी बढ़ापुर के अनुसार प्रथम दृष्टया दोनों बच्चियों की मौत की वजह जहरीली फली खाना प्रतीत हो रहा है। पुलिस बारीकी से घटना की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। मोहल्ले वासियों का भी यही कहना है कि बच्चियों ने जहरीली फली खाई थी।
दोनों बच्चियों की मौत के बाद मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मोहल्ले वासियों को घर के बाहर खेल रहे अन्य बच्चों का डर सता रहा है कि कहीं खेलते-खेलते दूसरे बच्चे भी इस तरह की फली न खा लें।
