अमरोहा में वक्फ मुतवल्ली बनने के लिए अब स्नातक डिग्री अनिवार्य कर दी गई है। इससे जिले में 300 से अधिक मौजूदा मुतवल्लियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है, क्योंकि अब तक हिंदी, उर्दू और अंग्रेजी का ज्ञान और अन्य निर्धारित शर्तें पूरी करने पर यह जिम्मेदारी मिल जाती थी।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नौशाद हुसैन के अनुसार, पहले मुतवल्ली बनने के लिए स्नातक डिग्री अनिवार्य नहीं थी। अब मुतवल्लियों की पात्रता की जांच जिलाधिकारी और सहायक सर्वेक्षण आयुक्त के स्तर पर की जा रही है। वक्फ नियमावली के नियम-3 के उपनियम-3 के तहत वक्फ प्रबंध समिति और मुतवल्ली की पात्रता का सत्यापन जिलाधिकारी, अपर सर्वेक्षण आयुक्त अथवा सहायक सर्वेक्षण आयुक्त करते हैं, जिसके लिए छह बिंदु निर्धारित थे।

जिले में कुल 2,796 वक्फ संपत्तियां दर्ज हैं, जिनमें 1,799 सुन्नी वक्फ बोर्ड और 997 शिया वक्फ बोर्ड के अधीन हैं। इनमें मस्जिद, कब्रिस्तान, ईदगाह, दरगाह, दुकानें और कृषि भूमि शामिल हैं। इनका प्रबंधन और आय का हिसाब मुतवल्ली तथा संबंधित वक्फ बोर्ड रखते हैं। विभागीय अधिकारी करीब 80 संपत्तियों से आय होने का अनुमान लगा रहे हैं, लेकिन उनके पास इसका विस्तृत रिकार्ड नहीं है। यह रिकार्ड सीधे वक्फ बोर्ड के पास रहता है। मुतवल्लियों को आय का लेखा-जोखा वक्फ बोर्ड में प्रस्तुत करना होता है और तीन साल के अंतराल पर आडिट कराया जाता है।

संपत्तियों पर कब्जे और उनसे संबंधित कार्रवाई का ब्योरा भी बोर्ड के पास रहता है। विवाद या शिकायत होने पर ही स्थानीय विभाग को जानकारी दी जाती है। जिले में वक्फ संपत्तियों से जुड़े छह मामले विचाराधीन हैं, जिनकी जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग जांच कर रहा है। शिकायतों के आधार पर विवाद सामने आए हैं और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।