सुप्रीम कोर्ट ने आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की हत्या के मामले में बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को दी गई समयपूर्व रिहाई की छूट रद्द कर दी है। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने गुरुवार को यह फैसला सुनाया। शीर्ष अदालत ने बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द करते हुए आनंद मोहन को एक महीने के भीतर सरेंडर करने का निर्देश दिया है। साथ ही अदालत ने बिहार सरकार को कानून के अनुसार उनकी रिहाई पर नए सिरे से विचार करने की अनुमति दी है, लेकिन इसके लिए मृत अधिकारी की पत्नी को सुनवाई का अवसर देना अनिवार्य होगा। अदालत ने बिहार सरकार की उस नीति में किए गए संशोधन को भी असंवैधानिक ठहराया, जिसके जरिए ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई के लिए पात्र बनाया गया था।
यह मामला 5 दिसंबर 1994 का है, जब गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में भीड़ ने हत्या कर दी थी। उस समय आनंद मोहन बिहार पीपुल्स पार्टी के नेता थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, आनंद मोहन ने भीड़ को उकसाया था, जिसके बाद कृष्णैया पर हमला किया गया और उनकी हत्या कर दी गई। सीधे हत्या के बजाय भीड़ को उकसाने की भूमिका का आरोप उन पर साबित हुआ।
अक्टूबर 2007 में ट्रायल कोर्ट ने आनंद मोहन को हत्या और अपराध के लिए उकसाने के आरोपों में दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी। दिसंबर 2008 में पटना हाईकोर्ट ने मौत की सजा को उम्रकैद में बदल दिया। जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने उम्रकैद की सजा बरकरार रखी। अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल नियमों में संशोधन किया, जिसके बाद 24 अप्रैल 2023 को आनंद मोहन जेल से बाहर आ गए।
बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को बिहार जेल मैनुअल, 2012 के नियम 481(1)(a) में संशोधन किया था। इसके जरिए ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को भी क्षमा के लिए पात्र श्रेणी में शामिल कर दिया गया। मृत आईएएस अधिकारी की पत्नी तेलुगु उमादेवी कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में इस संशोधन और आनंद मोहन की रिहाई को चुनौती दी थी। याचिका में आरोप लगाया गया था कि रिहाई पर विचार करते समय उनके आपराधिक रिकॉर्ड, जेल में आचरण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को सही ढंग से सामने नहीं रखा गया।
