उत्तर प्रदेश में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 के तहत पेंशनभोगियों के लिए विशेष महाशिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत एक नवंबर से हुई है और अब तक प्रयागराज, गोरखपुर और वाराणसी में शिविर लगाए जा चुके हैं। अब गुरुवार, 26 नवंबर को लखनऊ के इंदिरा नगर स्थित वित्तीय प्रबंधन, प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान में महाशिविर का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में भारत सरकार के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग की सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा और संयुक्त सचिव ध्रुवज्योति सेनगुप्ता शामिल होंगे। प्रदेश शासन की ओर से मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव वित्त और वित्त विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।

महाशिविर में पेंशनभोगियों को फेस ऑथेंटिकेशन के जरिए घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी। साथ ही वरिष्ठ पेंशनभोगियों का सम्मान और उनसे संवाद भी किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र के प्रति जागरूक करना है। देशभर में यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा।