सोनभद्र जिले में मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण की गुणवत्ता की जांच अब थर्ड पार्टी एजेंसी के रूप में मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) प्रयागराज करेगी। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय ने 19 नवंबर को जारी निर्देश में इसकी जानकारी दी है। संस्थान विद्यालयों के निर्माण कार्य का तकनीकी परीक्षण कर गुणवत्ता का आकलन करेगा।

जिले में अभी तक राबर्ट्सगंज तहसील के अरौली और दुद्धी तहसील के जामपानी गांव में यह विद्यालय निर्माण के लिए स्वीकृत हुए हैं। इनके लिए बजट आवंटित हो चुका है और टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही निर्माण शुरू होगा, और निर्माण के साथ ही थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट भी होगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय ने बताया कि भवनों की गुणवत्ता के लिए थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है और निर्माण शुरू होने पर ऑडिट होगी।

बेसिक शिक्षा विभाग की पूंजीगत मद के तहत प्रथम एवं द्वितीय चरण में स्वीकृत इन विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक की पढ़ाई की व्यवस्था होनी है। शासन का उद्देश्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण भवन तैयार कराकर शिक्षा विभाग को हस्तांतरित करना है। निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है।

एक विद्यालय के निर्माण पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। यहां स्मार्ट क्लास रूम बनेगा, जिससे विद्यार्थी डिजिटल तकनीक की मदद से पढ़ाई कर सकेंगे। समुचित व्यवस्था से युक्त लाइब्रेरी के अलावा कंप्यूटर लैब और विज्ञान एवं रोबोटिक्स की शिक्षा के लिए मॉड्यूलर कंपोजिट लैब स्थापित की जाएगी। अध्ययन के साथ प्रयोग पर जोर दिया जाएगा ताकि विद्यार्थियों में सीखने की क्षमता विकसित हो सके।