दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के परिवार से जुड़े ट्रस्ट विवाद में मध्यस्थता के जरिए समझौते की कोशिशें सफल नहीं हो सकीं। सुप्रीम कोर्ट ने रानी कपूर और उनकी बहू प्रिया सचदेव कपूर के बीच मध्यस्थता प्रक्रिया समाप्त कर दी है। अब दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत फैसला करेगी। गुरुवार को सुनवाई के दौरान बताया गया कि पूर्व मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ की मध्यस्थता में करीब 15 बैठकें हुईं, लेकिन विवाद का समाधान नहीं निकल सका। अदालत ने कहा कि किसी भी पक्ष को समझौते के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता।

न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के विनोद चंद्रन की पीठ को बताया गया कि रानी कपूर ने ट्रस्ट से जुड़े अपने दावों के निपटारे के लिए 6,000 करोड़ रुपये की मांग की है, जबकि विरोधी पक्ष के वकील ने ट्रस्ट की संपत्तियों का मूल्य करीब 30,000 करोड़ रुपये बताया। रानी कपूर ने दिल्ली हाई कोर्ट में आरके फैमिली ट्रस्ट की वैधता को चुनौती दी है और आरोप लगाया है कि उनकी सहमति और जानकारी के बिना उनकी संपत्तियां ट्रस्ट में स्थानांतरित कर दी गईं।

सुप्रीम कोर्ट के सामने बताया गया कि दो प्रमुख मुद्दे अब भी अनसुलझे हैं—अभिनेता करिश्मा कपूर से संजय कपूर के बच्चों को ट्रस्ट की संरचना से बाहर करने की प्रक्रिया और रानी कपूर के दावों का निपटारा। रानी कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने कहा कि समझौते का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन छह महीने तक उसका कोई जवाब या दूसरा प्रस्ताव नहीं मिला। वहीं, प्रिया कपूर की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मुकुल रोहतगी ने आरोप लगाया कि रानी कपूर अपनी बहू के साथ संयुक्त मध्यस्थता बैठक में शामिल होने के लिए तैयार नहीं थीं। दवे ने कहा कि 81 वर्षीय रानी कपूर अपने पति और बेटे दोनों को खो चुकी हैं और बहू से मिलने पर उन्हें मानसिक तनाव होता है, लेकिन वह मध्यस्थ से अलग बैठक के लिए तैयार थीं।

ट्रस्ट में हिस्सेदारी को लेकर भी अलग-अलग दावे सामने आए। करिश्मा कपूर के बच्चों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने 24 से 26 प्रतिशत हिस्सेदारी का दावा किया, जबकि प्रिया कपूर के वकील अभिमन्यु भंडारी ने कहा कि प्रिया कपूर 60 प्रतिशत हिस्सेदारी की हकदार हैं और बाकी 40 प्रतिशत संजय कपूर के बच्चों में बांटा जाना चाहिए। प्रिया कपूर की ओर से यह भी कहा गया कि यह बहु-पीढ़ी का ट्रस्ट है, जिसका लाभ भविष्य में परिवार के बच्चों और पोते-पोतियों को भी मिलना है, इसलिए इसे तोड़कर बांटना उचित नहीं होगा। सुप्रीम कोर्ट ने मध्यस्थता प्रक्रिया समाप्त करते हुए संकेत दिया कि दिल्ली हाई कोर्ट को ट्रस्ट की संपत्तियों को सुरक्षित रखने से संबंधित लंबित आवेदन पर समयबद्ध तरीके से फैसला करना चाहिए। रानी कपूर की ओर से हाई कोर्ट में अंतरिम राहत के मामले का जल्द निपटारा करने की मांग पर अदालत ने कहा, ‘‘अब लड़ाई शुरू होती है।’’