पटना के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी की तैयारियों को छठ पर्व समाप्त होने के बाद अंतिम रूप दिया जा रहा है। शादी समारोह में देश भर के विभिन्न राज्यों से मेहमान पहुंचेंगे। कई वीवीआईपी मेहमानों के हेलीकाप्टर से पहुंचने की संभावना को देखते हुए अनंत सिंह के पैतृक गांव में पांच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।

अनंत सिंह के गांव में 10 बीघे में भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य पंडाल ताजमहल की तर्ज पर बनाया जा रहा है, जबकि दूसरा पंडाल लालकिले का स्वरूप लिए होगा। पंडाल पूरी तरह से एयर कंडीशन्ड और वाटरप्रूफ होगा। पंडाल निर्माण में कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। अनंत सिंह स्वयं और उनके तीनों बेटे शादी की तैयारियों पर नजर रख रहे हैं और अलग-अलग व्यवस्थाओं का जायजा लेकर जरूरी निर्देश दे रहे हैं।

पंडाल के अंदर अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए कई स्टेज तैयार किए जा रहे हैं। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग पंडाल बनाया जा रहा है। विदेशी फूलों की सजा, महंगी क्रॉकरी और खास डाइनिंग सेटअप पर भी करोड़ों रुपये खर्च होने का अनुमान है।

शादी समारोह में मेहमानों के लिए करीब 150 तरह के पकवान बनाने की तैयारी है। करीब चार लाख मेहमानों के लिए खाना बनाने के लिए कई बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं। मेन्यू में पारंपरिक बिहारी व्यंजन लिट्टी-चोखा, नालंदा का 52 परतो वाला सिलाव खाजा, रसगुल्ला, देशी घी का मालहुआ, काजू कतली के साथ पिज्जा, पास्ता, बर्गर, कॉन्टिनेंटल, चाइनीज और विदेशी आइसक्रीम शामिल है। शाही मेन्यू में मटन, चिकन और मछलियों के अलावा पनीर की कई तरह की सब्जियां होंगी। इसमें शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, जीरा फ्राई राइस, तंदूरी रोटी, नान और मौसमी सब्जियां शामिल होंगी। इसके अलावा चाट, गोलगप्पे, टिक्की, डोसा, चाउमीन, पास्ता और कुल्फी के लिए दर्जनों लाइव काउंटर लगाए जाएंगे।