प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सपा सरकार के कार्यकाल के पशुपालन विभाग भर्ती घोटाले की प्रारंभिक जांच पूरी कर ली है। ईओडब्ल्यू की ओर से अगले सप्ताह अदालत में आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू पर जांच आगे बढ़ाएगा। इसके तहत ईडी तत्कालीन प्रमुख सचिव और गिरफ्तार सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी योगेश कुमार से जेल में पूछताछ की तैयारी कर रहा है, जिसके लिए अदालत से अनुमति मांगी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, ईडी पहले मामले में आरोपित अन्य लोगों को समन भेजकर पूछताछ करेगा और उनके बयानों तथा सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तत्कालीन मंत्री राजकिशोर सिंह को फिलहाल समन भेजने की तैयारी नहीं है। ईडी ने ईओडब्ल्यू की प्राथमिकी, आरोप पत्र और उपलब्ध साक्ष्यों का अध्ययन करने के बाद धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत केस दर्ज करने का निर्णय लिया है।
वर्ष 2014 में प्रदेश के 17 मंडलों में पशुधन प्रसार अधिकारियों के 1,198 पदों पर भर्ती हुई थी। दो फरवरी 2014 को आयोजित परीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगे थे। इस मामले में तत्कालीन मंत्री राजकिशोर सिंह के खिलाफ अभियोजन स्वीकृति की फाइल शासन में लंबित है।
