एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच दोहा में खेला जा रहा है। पाकिस्तान-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से शुरू हुआ।
श्रीलंका-ए ने सेमीफाइनल में भारत-ए को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। उस मैच में लसिथ क्रूसपुले (116 रन) और सिनेथ जयवर्धने (105 रन) ने शतकीय पारी खेली थी। दूसरी ओर, पाकिस्तान-ए ने बांग्लादेश-ए को पांच विकेट से हराया और टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब पाकिस्तान ने तीन बार जीता है और वह डिफेंडिंग चैंपियन भी है। श्रीलंका ने यह ट्रॉफी 2017 और 2018 में दो बार अपने नाम की है। दोनों टीमों के बीच 2017 से अब तक कुल नौ मुकाबले (वनडे और टी-20) खेले गए हैं, जिनमें पाकिस्तान-ए ने पांच और श्रीलंका-ए ने दो जीते हैं, जबकि दो मैचों का नतीजा नहीं निकला।
पाकिस्तान-ए की कप्तानी अब्दुल समद और श्रीलंका-ए की कप्तानी पवन रत्नायके कर रहे हैं। पाकिस्तान-ए की गेंदबाजी पूरे टूर्नामेंट में शानदार रही है। फाइनल में श्रीलंका-ए की नजरें क्रूसपुले और जयवर्धने की बल्लेबाजी पर टिकी होंगी।
