नई दिल्ली। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के खिताबी मुकाबले में श्रीलंका ए ने पाकिस्तान ए को 1 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। 217 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका ए ने 41.2 ओवर में 9 विकेट पर 217 रन बनाए। एक समय उसका स्कोर 198 पर 9 विकेट था, लेकिन आखिरी जोड़ी ने कोई विकेट नहीं गिरने दिया और टीम को जीत तक पहुंचाया।
लाहिरू समराकून (11 रन, 21 गेंद, 2 चौके) और गरुका संकेथ (4 रन, 7 गेंद) ने आखिरी विकेट के लिए 19 रन की निर्णायक साझेदारी की। श्रीलंका की पारी में निशान मधुश्का ने 95 गेंदों में 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 87 रन बनाए। कप्तान पवन रथनायके ने 30, लासिथ क्रूसपुले ने 26, सिनेथ जयवर्धने ने 20, विजयकांत वियास्कंथ ने 13 और जेनिथ लियानागे ने 11 रन का योगदान दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ए की टीम 50 ओवर में 9 विकेट पर 216 रन ही बना सकी। साहिबजादा खान ने 60, शामल हुसैन ने 40, रोहेल नजीर ने 37 और कप्तान अब्दुल समद ने 33 रन बनाए, लेकिन मध्य और निचले क्रम में टीम लड़खड़ा गई। श्रीलंका ए के गेंदबाजों ने इसका फायदा उठाया और आखिरी जोड़ी ने खिताब पर कब्जा जमा दिया।
