इस्लामाबाद। पाकिस्तान में गधों की कीमतों में पिछले एक साल में 25 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इसका सबसे ज्यादा असर उन गरीब लोगों पर पड़ा है, जो अपनी रोजी-रोटी के लिए इन जानवरों पर निर्भर हैं। कीमतों में यह इजाफा गधों को खाल और मांस के लिए चीन निर्यात किए जाने के कारण हुआ है। पाकिस्तान से हर साल बड़ी संख्या में गधे चीन भेजे जा रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारी ऊंची कीमतों पर गधों की खरीद कर रहे हैं। कीमत बढ़ने के कारण गधों की चोरियां भी बढ़ी हैं।

पाकिस्तान में एक साल पहले ताकतवर नर गधे की कीमत 75,000 रुपये थी, जबकि मादा गधे की कीमत करीब 44,000 रुपये थी। अब एक अच्छे नर गधे की कीमत 1,00,000 रुपये से अधिक हो गई है और मादा गधे की कीमत 70,000 से 75,000 रुपये के बीच पहुंच गई है। कीमतों में इस बढ़ोतरी के कारण गरीब पाकिस्तानी गधे नहीं खरीद पा रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से गधों की कीमतों पर रोक लगाने की मांग की है।

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, बलूचिस्तान के तुर्बत में 4,000 से 5,000 रुपये में खरीदे गए गधे 8,000 से 10,000 रुपये में बिक रहे हैं। बिचौलिए इन जानवरों को चीन निर्यात करने वाले व्यापारियों को 15,000 रुपये से अधिक कीमत पर दोबारा बेच रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इन गधों को सीधे चीन भेजा जाता है, जहां खाल को उबालकर जिलेटिन निकाला जाता है और एजियाओ नाम की दवा बनाई जाती है। यह दवा ब्लड सर्कुलेशन बेहतर करने और एनीमिया के इलाज का दावा करते हुए बेची जाती है।

पाकिस्तान में गधों का इस्तेमाल मुख्य रूप से दूरदराज के इलाकों में सामान ढोने के लिए किया जाता है। 2025-26 के आर्थिक सर्वेक्षण के अनुसार, देश में गधों की आबादी 60 लाख से अधिक है। पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आज भी फसल, चारा, लकड़ी और अन्य सामान ढोने के लिए गधों का उपयोग होता है। कई शहरों की तंग गलियों में भी सामान की ढुलाई गधों से की जाती है।