नई दिल्ली। एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल में पाकिस्तान-ए और श्रीलंका-ए के बीच वेस्ट एंड पार्क क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले के दौरान अंपायर के एक फैसले को लेकर विवाद खड़ा हो गया। 32वें ओवर की तीसरी गेंद पर अली रजा की रिवर्स स्विंग लेती फुलिश गेंद पर विजय वियास्कंथ फ्लिक करने से चूके और गेंद उनके पैड्स पर लगी। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने जोरदार अपील की, लेकिन अंपायर ने अंदरूनी किनारे का हवाला देते हुए अपील नकार दी। इससे नाराज तीन-चार पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने अंपायर को घेरकर फैसला खारिज करने की वजह पूछनी शुरू कर दी। बड़ी स्क्रीन पर रिप्ले दिखने के बाद दर्शक भी शोर मचाने लगे और कप्तान अब्दुल समद ने स्क्रीन की ओर इशारा करते हुए अंपायर से बात की, जिसके बाद उन्हें खेल आगे बढ़ाने को कहा गया।

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान-ए की टीम निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट पर 216 रन ही बना सकी और श्रीलंका-ए के सामने 217 रनों का लक्ष्य रखा। शुरुआती झटकों के बाद साहिबजादा खान ने शमल हुसैन (40 रन, 43 गेंद, 6 चौके) के साथ 48 रन, हसन नवाज के साथ 31 रन और कप्तान अब्दुल समद (33 रन, 43 गेंद, 2 चौके) के साथ 52 रन की साझेदारियां कर पारी को 144 तक पहुंचाया। समद के आउट होते ही विकेटों की झड़ी लग गई और टीम 167/8 पर सिमट गई, जबकि साहिबजादा 4 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

निचले क्रम में सुफयान मोकिम और रोहेल नजीर ने 9वें विकेट के लिए 46 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर के करीब पहुंचाया, जिसमें नजीर ने 43 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 37 रन बनाए। श्रीलंका-ए की गेंदबाजी में रविंदु फर्नांडो और गरुका संकेथ ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि वानुजा सहान ने 2 और निपुण धनंजय ने 1 विकेट अपने नाम किया।