ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टिट्यूट की ओर से जारी एशिया पावर इंडेक्स में भारत को तीसरा स्थान मिला है। रैंकिंग में भारत को 100 में से 40.5 पॉइंट हासिल हुए हैं और वह मेजर पावर श्रेणी में अकेला देश है। सुपरपावर श्रेणी में अमेरिका (78.9 पॉइंट) और चीन (73.6 पॉइंट) शामिल हैं।

पिछले साल यानी 2025 की रैंकिंग में भारत को 40 पॉइंट मिले थे, जबकि इस बार यह बढ़कर 40.5 पॉइंट हो गए हैं। पिछले साल भी भारत को मेजर पावर में जगह दी गई थी। रिपोर्ट के मुताबिक 2025 और 2026 में आर्थिक क्षेत्र में भारत का प्रदर्शन अच्छा रहा है। रैंकिंग में सेना की ऑपरेशन इफिशिएंशी, सेना की तैयारी और जवानों के उत्साह को भी आधार बनाया गया है। रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत को इस रैंकिंग में फायदा मिलने की बात कही गई है।

एशिया पावर इंडेक्स में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आर्थिक मजबूती, सैन्य क्षमता, डिप्लोमेसी, सांस्कृतिक प्रभाव और भविष्य के संसाधनों के आधार पर रैंकिंग तैयार की जाती है। इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में प्रभाव रखने वाले रूस, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और अमेरिका जैसे देशों को भी शामिल किया जाता है। भारत के बाद मध्यम श्रेणी की ताकतों में जापान, रूस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाइलैंड, वियतनाम, न्यूजीलैंड, ताइवान, फिलीपीन्स और पाकिस्तान का नाम है। छोटी ताकतों की श्रेणी में उत्तर कोरिया, ब्रुनेई, कंबोडिया, बांग्लादेश, श्रीलंका, म्यांमार, लाओ, मंगोलिया, पपुआ न्यू गिनी और नेपाल को रखा गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल के मुकाबले अमेरिका के पॉइंट कम हुए हैं। इसकी वजह ईरान युद्ध बताई गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि इतने दिनों के युद्ध के बाद भी अमेरिका किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाया है और उसकी अर्थव्यवस्था को बड़ा नुकसान हुआ है।