मार्वल स्टूडियोज ने 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का फाइनल ट्रेलर जारी कर दिया है। यह 3:15 मिनट का वीडियो फ्रेंचाइज के इतिहास में पहली बार 'एवेंजर्स', 'फैंटास्टिक फोर' और 'एक्स-मैन' को एक ही फिल्म में साथ लाता है, और वह भी डॉक्टर डूम के सामने। ट्रेलर में रॉबर्ट डाउनी जूनियर डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आ रहे हैं। एक दशक तक टोनी स्टार्क का किरदार निभाने के बाद वह अब डॉक्टर विक्टर डूम बने हैं।

ट्रेलर में स्टीव रोजर्स और पैगी कार्टर से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है। क्रिस इवांस के स्टीव रोजर्स और हेले एटवेल की पैगी कार्टर ने 'अर्थ-282' पर एक साथ जीवन बसाया है, जिस यूनिवर्स में 'फैंटास्टिक फोर' मौजूद हैं। फुटेज में उनका बेटा भी दिखता है, जिसका किरदार वेस्ली होलोवे ने निभाया है। ट्रेलर के आखिर में साइक्लोप्स (जेम्स मार्सडेन) टीम को 'टू मी, माई एक्स-मेन!' कहकर बुलाते हैं, जो 'एंडगेम' की याद दिलाता है। इस सीन में नाइटक्रॉलर (एलन कमिंग), गैम्बिट (चैनिंग टेटम), मिस्टिक (रेबेका रोमिजन) और बीस्ट (केल्सी ग्रामर) भी नजर आते हैं। पैट्रिक स्टीवर्ट प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर और इयान मैककेलेन मैग्नेटो के रोल में लौट रहे हैं।

फिल्म की कास्ट मार्वल की किसी भी फिल्म के लिए अब तक की सबसे बड़ी बताई जा रही है। इसमें क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, एंथनी मैकी, सेबेस्टियन स्टेन, पॉल रड, लेटिशिया राइट और टॉम हिडलेस्टन के अलावा फ्लोरेंस प्यू, सिमु लियू, डेविड हार्बर, वायट रसेल, डैनी रामिरेज, विंस्टन ड्यूक, हैना जॉन-केमेन, लुईस पुलमैन, टेनोच ह्यूर्टा मेजिया, कैथरीन न्यूटन और मेबल कैडेना भी शामिल हैं। 'फैंटास्टिक फोर' से पेड्रो पास्कल रीड रिचर्ड्स, वैनेसा किर्बी सू स्टॉर्म, जोसेफ क्विन जॉनी स्टॉर्म और एबॉन मॉस-बैचराच बेन ग्रिम के रोल में हैं।

एंथनी और जो रूसो के निर्देशन में बनी यह फिल्म भारत में 17 दिसंबर को और अमेरिका समेत बाकी देशों में 18 दिसंबर को रिलीज होगी। भारत में एडवांस बुकिंग के तहत मंगलवार सुबह 9:00 बजे तक 17 से 20 दिसंबर के शोज के लिए 9.10 लाख टिकट बिक चुके थे, जिनसे फिल्म ने ₹57.57 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली है। सबसे अधिक मांग महाराष्ट्र और दिल्ली-एनसीआर में है, जहां अंग्रेजी वर्जन के टिकट सबसे ज्यादा बिक रहे हैं।