बुधवार, 25 नवंबर से मार्गशीर्ष यानी अगहन माह की शुरुआत हो रही है। एस्ट्रोपत्री के अनुसार, इस दिन कृष्ण प्रतिपदा तिथि शाम करीब पौने पांच बजे तक रहेगी, जिसके बाद द्वितीया लगेगी। चंद्रदेव पूरे दिन अपनी उच्च राशि वृषभ में रहेंगे। रात करीब 8 बजकर 35 मिनट तक रोहिणी नक्षत्र रहेगा, उसके बाद मृगशिरा आएगा। रोहिणी और मृगशिरा दोनों के रहने से पूरे दिन सर्वार्थ सिद्धि योग बना रहेगा। शिव योग दोपहर करीब बारह बजे तक रहेगा, उसके बाद सिद्ध योग लगेगा। सूर्यदेव वृश्चिक में, बुधदेव और शुक्रदेव तुला में, जबकि मंगलदेव, गुरुदेव और केतु सिंह में हैं। शनिदेव मीन राशि में उल्टी चाल से चल रहे हैं। अगहन का महीना पूजा पाठ और नए कामों की शुरुआत के लिए अच्छा माना जाता है।
एस्ट्रोलॉजर आनंद सागर पाठक के अनुसार, आज कन्या राशि को भाग्य और अपनों का साथ मिल सकता है, मीन को नई डील और तुला को उधार दी रकम लौटने की राहत मिल सकती है। धनु के आगे विरोधी टिक नहीं पाएंगे और सिंह की कमाई में इजाफा होगा। वहीं वृश्चिक को जीवनसाथी से तकरार, मकर को कड़वी जुबान और कर्क को कानों सुनी बातों पर कदम उठाने से परहेज करना होगा।
चंद्र और लग्न के हिसाब से दिन कैसा रहेगा, इस पर उन्होंने कहा कि नए लोगों से बातचीत और मेलजोल बढ़ेगा, जिससे काम के अच्छे रास्ते खुलेंगे। बैंक या वित्त से जुड़े कामों में भागदौड़ से फायदा होगा और कामकाज में कुछ नए बदलाव करने का मन बनेगा। कुछ कामों को पूरा करने में रोज से ज्यादा जोर लगाना पड़ेगा और समय पर निपटाने के लिए दौड़भाग बढ़ेगी। बैंक जा रहे हैं तो केवाईसी अपडेट और खाते में नॉमिनी जैसे लंबित काम भी निपटा लें। मन को शांत रखें और वाहन चलाते समय जल्दबाजी और तेज रफ्तार से बचें। उपाय के तौर पर घर में भगवान विष्णु का पूजन करें और मुख्य दरवाजे पर चौमुखी दीपक जलाएं। शुभ रंग हरा और शुभ अंक 5 बताया गया है।
