मशहूर सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को एक धमकी भरा ईमेल मिला है, जिसमें कार्यक्रम के दौरान आईईडी धमाका करने की बात कही गई है। ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का जिक्र भी मिला है। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
एक रिपोर्ट के अनुसार यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। इसमें मदावरा के एनआईसीई रोड स्थित मैदान में बम हमले की चेतावनी दी गई है। बताया जा रहा है कि कॉन्सर्ट इसी मैदान में आगामी 29 नवंबर को होना है।
ईमेल में कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों को भी चेतावनी दी गई है। उनसे कहा गया है कि वे बच्चों को साथ न लाएं, आईफोन पर आए फोन का जवाब न दें और मेट्रो से यात्रा करने से बचें। हालांकि, धमकी के बाद भी अभी तक कॉन्सर्ट कार्यक्रम में किसी तरह के बदलाव की पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि दिलजीत के कार्यक्रम को लेकर पहले भी इस तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले उनके इंदौर कॉन्सर्ट से पहले भी पुलिस को ऐसे ईमेल मिले थे। इंदौर में बम विस्फोट की धमकी को लेकर मेयर ऑफिस, तीन बैंकों और तीन निजी स्कूलों को ईमेल भेजे गए थे, जिन्हें पुलिस ने जांच के बाद पहली नजर में फर्जी बताया था। इंदौर कॉन्सर्ट से पहले मिली धमकियों पर दिलजीत ने कार्यक्रम के दौरान शेर सुनाते हुए कहा था कि 'हिंदुस्तान किसी के बाप का नहीं'। उन्होंने कहा था कि उन्हें प्रस्तुति देने से रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने बिना डरे वादा निभाया।
