बॉलीवुड के जाने-माने प्लेबैक सिंगर सोनू निगम ने मुंबई के सांताक्रूज वेस्ट इलाके में करीब ₹31.47 करोड़ में एक कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदी है। महाराष्ट्र के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ रजिस्ट्रेशन की वेबसाइट पर मौजूद प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन दस्तावेजों के मुताबिक, यह खरीदारी नवंबर में रजिस्टर हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यह इस साल मुंबई में सिंगर का पहला निवेश है।

इससे पहले अक्टूबर में सोनू निगम ने अंधेरी वेस्ट की 'एस्टन' बिल्डिंग में करीब ₹17 करोड़ में तीन कमर्शियल यूनिट्स खरीदी थीं। इनका कुल कार्पेट एरिया 4,144.10 स्क्वायर फुट बताया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन यूनिट्स को उन्होंने वापस उसी विक्रेता को ₹12 लाख प्रति महीने के किराए पर दे दिया है। पिछले साल अक्टूबर-नवंबर में सिंगर ने जुहू-वर्सोवा लिंक रोड पर 'वर्तमान' बिल्डिंग की 12वीं मंजिल पर करीब ₹44.30 करोड़ का एक लग्जरी अपार्टमेंट भी खरीदा था।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2026 में सोनू निगम ने महाराष्ट्र के कर्जत में जमीन के कुछ हिस्से बेचे। अप्रैल में 1.9 हेक्टेयर से अधिक जमीन करीब ₹1.95 करोड़ में और मई में 1.067 हेक्टेयर जमीन करीब ₹95 लाख में बेची गई। इसी साल बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में 3,082 स्क्वायर फुट का एक कमर्शियल ऑफिस स्पेस करीब ₹18 करोड़ में बेचा गया, जिसे नवंबर 2023 में करीब ₹14.3 करोड़ में खरीदा गया था। सिंगर के पास मुंबई में एक घर और दुबई में भी एक प्रॉपर्टी बताई जाती है।

सोनू निगम 32 भाषाओं में 6,000 से अधिक गाने रिकॉर्ड कर चुके हैं। साल 2022 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया था। एक अपुष्ट आंकड़े के मुताबिक, उनकी अनुमानित नेट वर्थ लगभग ₹350 करोड़ से ₹400 करोड़ है, जबकि कुछ अनुमानों में इसे करीब ₹170 करोड़ आंका गया है।