गोवा से मुंबई जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2842 को सोमवार (23 नवंबर) को ईंधन कम होने के कारण सूरत की ओर मोड़ना पड़ा। विमान में 142 यात्री सवार थे और यह दोपहर करीब 3:31 बजे सूरत एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। वहां विमान में ईंधन भरा गया और जरूरी जांच की गई, जिसके बाद विमान दोबारा मुंबई के लिए रवाना कर दिया गया।
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने बताया कि वह दोपहर 1:10 बजे गोवा से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। मुंबई पहुंचने पर विमान काफी देर तक हवा में चक्कर लगाता रहा और लैंडिंग से कुछ मिनट पहले अचानक दोबारा उड़ान भर ली। इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को ईंधन कम होने की जानकारी दी और सूरत जाने की अनुमति मांगी।
सूरत एयरपोर्ट पर विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। विमान करीब डेढ़ घंटे सूरत में रुका और मुंबई के लिए रवाना होने से पहले कुछ देर हवा में रहा। इसके बाद पायलट ने यात्रियों को बताया कि ईंधन कम होने के कारण विमान को सूरत की ओर मोड़ा गया है। ईंधन भरने और जरूरी जांच के बाद विमान फिर मुंबई के लिए रवाना हो गया।
अनुपम खेर ने कहा कि जब विमान उतरने वाला होता है और अचानक दोबारा ऊपर उड़ने लगता है, तो यात्रियों के लिए यह काफी तनावपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि वह इस घटना के लिए पायलट, कप्तान या एयरलाइन को जिम्मेदार नहीं मानते, क्योंकि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सही कदम उठाए गए। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि मुंबई में दो एयरपोर्ट होने के बावजूद उड़ानों के उतरने की व्यवस्था बेहतर क्यों नहीं की जा रही और यह तय होना चाहिए कि किस विमान को किस एयरपोर्ट पर उतरना है। उन्होंने हवाई और जमीनी यातायात के बेहतर प्रबंधन की जरूरत बताई, ताकि यात्रियों को ऐसी परेशानी न हो।
