पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 29 नवंबर को बेंगलुरु में प्रस्तावित कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजा गया है, जिसमें 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे के साथ कार्यक्रम स्थल पर IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है। धमकी के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं और ईमेल की सत्यता जांचने तथा भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं।
जानकारी के मुताबिक, ईमेल में मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड पर बम हमले की चेतावनी दी गई है, जहां यह कॉन्सर्ट होना है। ईमेल भेजने वाले ने शो में शामिल होने वाले दर्शकों को हिदायत दी है कि वे अपने साथ बच्चों को न लाएं, आईफोन पर आने वाली कॉल न उठाएं और मेट्रो से सफर न करें।
बता दें कि बेंगलुरु शो को मिली यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है, जब अहमदाबाद पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के पिछले कॉन्सर्ट से महंगे मोबाइल फोन चुराने वाले दिल्ली के एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित शो में चोरी करने के इरादे से अहमदाबाद आए थे। लोकल क्राइम ब्रांच ने इन्हें पकड़कर इनके पास से 4.3 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये दोनों चोरी की करीब छह अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं।
आरोपियों ने प्रीमियम सेक्शन में प्रवेश के लिए 'गोल्ड' कैटेगरी के महंगे टिकट खरीदे थे, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि वहां आने वाले दर्शकों के पास हाई-एंड स्मार्टफोन होंगे। शो के दौरान स्टेडियम के कंट्रोल रूम में कई लोगों ने फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और एग्जिट गेटों पर जवानों को तैनात कर दिया। भाग रहे संदिग्धों को पीछा करके पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद गुलज़ार और अशरफ हुसैन इदरीसी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे प्रीमियम कैटेगरी के दर्शकों के महंगे फोन चुराने के लिए ही दिल्ली से यहां आए थे।
