अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच पहली सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन 23 नवंबर को हुआ और इसका नियमित संचालन 28 नवंबर से होगा। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। भारत में इसका अंतिम स्टेशन जयनगर होगा, जिसके बाद ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम में रुकेगी।
अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 18 घंटे में पूरी होगी और यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यह सेवा सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। अयोध्या कैंट से ट्रेन हर सोमवार शाम 5 बजकर 50 मिनट पर जनकपुर के लिए रवाना होगी, जबकि जनकपुर से यह हर शनिवार दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें आठ वातानुकूलित कोच, सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में प्रत्येक में 52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ तथा एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी। एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है।
अयोध्या प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि और जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। दोनों नगरों के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों का आवागमन सुगम होगा तथा रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच बेहतर रेल संपर्क से सीमावर्ती क्षेत्रों में व्यापार, पर्यटन, स्थानीय आर्थिक गतिविधियों तथा रोजगार के अवसरों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। यह रेलसेवा भारत-नेपाल मैत्री, सांस्कृतिक एकता और आपसी विश्वास की महत्वपूर्ण कड़ी बनेगी।
